[polylang_langswitcher]

राजस्थान में पहली बार राष्ट्रीय अमरूद महोत्सव, टॉप किस्मों को मिलेगा पुरस्कार

जयपुर, 15 जनवरी  (कृषि भूमि ब्यूरो): राजस्थान में पहली बार राष्ट्रीय स्तर का अमरूद महोत्सव 18 और 19 जनवरी 2026 को सवाई माधोपुर जिले में आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन जिले के 263वें स्थापना दिवस के अवसर पर कृषि एवं उद्यान विभाग द्वारा जिला प्रशासन के सहयोग से किया जा रहा है। महोत्सव में देशभर से किसान, वैज्ञानिक, व्यापारी, एफपीओ और कृषि संस्थान भाग लेंगे।

देशभर की उन्नत किस्मों का प्रदर्शन

राजस्थान के कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने बताया कि दो दिवसीय अमरूद महोत्सव में राजस्थान सहित कई राज्यों की दर्जनों उन्नत अमरूद किस्मों का प्रदर्शन किया जाएगा। किसानों और आगंतुकों को विभिन्न किस्मों के अमरूद का स्वाद चखने का अवसर मिलेगा। उत्कृष्ट गुणवत्ता और टॉप किस्मों को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।

किसानों और वैज्ञानिकों का सीधा संवाद

महोत्सव की एक बड़ी खासियत यह होगी कि किसानों का कृषि वैज्ञानिकों से सीधा संवाद होगा। चौपालों के माध्यम से उन्नत खेती तकनीक, किस्म चयन, पौध संरक्षण, रोग प्रबंधन और बाजार से जुड़ी अहम जानकारियां साझा की जाएंगी। व्यापारी और किसानों के बीच प्रत्यक्ष बातचीत से बिचौलियों की भूमिका कम करने पर भी जोर दिया जाएगा।

अमरूद प्रसंस्करण बनेगा प्रमुख आकर्षण

सहायक कृषि अधिकारी पिंटू मीना पहाड़ी के अनुसार, अमरूद प्रसंस्करण इस महोत्सव का प्रमुख आकर्षण रहेगा। मेले में अमरूद से बने जूस, चिप्स, कैंडी, बार, जैली, बर्फी और लड्डू जैसे उत्पादों का स्वाद चखने के साथ-साथ इनके निर्माण की तकनीक भी सिखाई जाएगी। पंजाब, उत्तर प्रदेश और दिल्ली सहित कई राज्यों से आए विशेषज्ञ अमरूद आधारित मूल्य संवर्धन पर प्रशिक्षण देंगे।

कार्यक्रम स्थल और तिथि

विवरणजानकारी
तिथि18–19 जनवरी 2026
स्थानफूल उत्कृष्टता केंद्र के सामने, दशहरा मैदान
जिलासवाई माधोपुर, राजस्थान

उन्नत पौधों की नर्सरी भी होगी उपलब्ध

महोत्सव में देशभर की उन्नत अमरूद किस्मों की नर्सरी भी उपलब्ध कराई जाएगी। यहां 25 से 30 किस्मों के गुणवत्तापूर्ण पौधे किसान सीधे खरीद सकेंगे। आयोजकों का मानना है कि उन्नत किस्मों के प्रसार से अमरूद की पैदावार, गुणवत्ता और मिठास में सुधार होगा, जिससे किसानों की आय बढ़ेगी।

किसानों से सक्रिय भागीदारी की अपील

कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने किसानों, व्यापारियों और आमजन से 18–19 जनवरी 2026 को आयोजित राष्ट्रीय अमरूद महोत्सव में सक्रिय भागीदारी की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन अमरूद उत्पादकों को नई पहचान देगा और सवाई माधोपुर को राष्ट्रीय कृषि मानचित्र पर मजबूती से स्थापित करेगा।

===
हमारे लेटेस्ट अपडेट्स और खास जानकारियों के लिए अभी जुड़ें — बस इस लिंक पर क्लिक करें:
https://whatsapp.com/channel/0029Vb0T9JQ29759LPXk1C45

शेयर :

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

संबंधित श्रेणी न्यूज़

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें

ताज़ा न्यूज़

विज्ञापन

विशेष न्यूज़

Stay with us!

Subscribe to our newsletter and get notification to stay update.

राज्यों की सूची