नई दिल्ली, 05 जनवरी (कृषि भूमि ब्यूरो): अमेरिका और वेनेजुएला के बीच बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव ने वैश्विक कमोडिटी बाजारों में नई बेचैनी पैदा कर दी है। अमेरिका द्वारा वेनेजुएला में की गई सैन्य कार्रवाई और राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की गिरफ्तारी की खबरों के बाद सोने और चांदी में तेज़ हलचल के संकेत मिल रहे हैं। इसके साथ ही इस हफ्ते आने वाले अहम अमेरिकी आर्थिक आंकड़े बुलियन बाजार की दिशा तय कर सकते हैं।
सेफ-हेवन की ओर बढ़ा निवेशकों का रुझान
मार्केट एक्सपर्ट्स के मुताबिक, भू-राजनीतिक अनिश्चितता बढ़ने पर निवेशक परंपरागत रूप से सोने और चांदी जैसे सुरक्षित विकल्पों की ओर रुख करते हैं। वेनेजुएला दुनिया के सबसे बड़े तेल भंडार वाले देशों में से एक है, ऐसे में सप्लाई में रुकावट की आशंका ने न केवल कच्चे तेल बल्कि सोने की कीमतों को भी सपोर्ट दिया है।
अमेरिकी डेटा और फेड के संकेत होंगे निर्णायक
इस हफ्ते अमेरिका से ISM मैन्युफैक्चरिंग डेटा, ADP रोजगार आंकड़े और बेरोजगारी दर जारी होनी है। इसके अलावा फेडरल रिजर्व के अधिकारियों के बयान ब्याज दरों के आउटलुक पर संकेत देंगे। डॉलर में मजबूती या कमजोरी का सीधा असर सोने-चांदी की कीमतों पर पड़ सकता है।
रिकॉर्ड हाई के बाद करेक्शन, लेकिन ट्रेंड अब भी मजबूत
दिसंबर के अंत में रिकॉर्ड ऊंचाई छूने के बाद सोने-चांदी में मुनाफावसूली देखी गई थी। MCX पर सोना 1,40,000 रुपये प्रति 10 ग्राम के ऊपर से फिसलकर 1,35,000 रुपये के करीब आ गया, जबकि चांदी भी रिकॉर्ड स्तर से 7 फीसदी तक टूटी। हालांकि एक्सपर्ट्स मानते हैं कि यह करेक्शन हेल्दी है और लॉन्ग-टर्म ट्रेंड अब भी पॉजिटिव बना हुआ है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार से क्या संकेत?
कॉमेक्स पर सोना 4,300 डॉलर प्रति औंस के आसपास मजबूती दिखा रहा है, जो बताता है कि अमेरिकी महंगाई में नरमी के बावजूद निवेशक सतर्क हैं। CME ग्रुप द्वारा मार्जिन बढ़ाए जाने के बाद कुछ रणनीतिक बिकवाली जरूर दिखी, लेकिन भू-राजनीतिक जोखिम ने नीचे की चाल को सीमित रखा है।
मार्केट एक्सपर्ट्स के अनुसार, सोने में 2026 के दौरान 10–60% तक की तेजी संभव है, हालांकि बीच-बीच में 15–20% का करेक्शन भी देखने को मिल सकता है। चांदी में शॉर्ट-टर्म दबाव बना रह सकता है, लेकिन औद्योगिक मांग और टाइट सप्लाई के चलते 40% तक का अपसाइड नकारा नहीं जा सकता।
कुलमिलाकर, US-Venezuela तनाव, अमेरिकी डेटा और फेड के संकेत – ये तीनों फैक्टर मिलकर इस हफ्ते सोने-चांदी को हाई-वोलैटिलिटी ज़ोन में बनाए रख सकते हैं। निवेशकों और ट्रेडर्स के लिए यह सप्ताह बेहद अहम रहने वाला है।
===
हमारे लेटेस्ट अपडेट्स और खास जानकारियों के लिए अभी जुड़ें — बस इस लिंक पर क्लिक करें:
https://whatsapp.com/channel/0029Vb0T9JQ29759LPXk1C45