नई दिल्ली (कृषि भूमि ब्यूरो): Gold Price Today – देश में एक बार फिर सोने और चांदी की कीमतों में तेजी देखने को मिली है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमती धातुओं की मांग बढ़ने और पश्चिम एशिया में तनाव कम होने की खबरों के बीच घरेलू बाजार में गोल्ड और सिल्वर दोनों की कीमतों में उछाल दर्ज किया गया है। राजधानी दिल्ली सहित देश के प्रमुख शहरों में सोने के दाम नए स्तर पर पहुंच गए हैं।
Gold Price Today-7 मई की सुबह दिल्ली में 24 कैरेट सोने की कीमत 1,52,290 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज की गई, जबकि 22 कैरेट सोने का भाव बढ़कर 1,39,610 रुपये प्रति 10 ग्राम पहुंच गया। वहीं, मुंबई और कोलकाता में 24 कैरेट गोल्ड 1,52,140 रुपये प्रति 10 ग्राम और 22 कैरेट गोल्ड 1,39,460 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार करता दिखाई दिया।
दिल्ली के सर्राफा बाजार में एक दिन पहले सोने की कीमत में करीब 2 प्रतिशत यानी 2,900 रुपये की बड़ी तेजी दर्ज की गई थी। इसके बाद सोना 1,55,400 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर तक पहुंच गया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में हाजिर सोना 4,663.70 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा है, जिससे घरेलू बाजार में भी तेजी का माहौल बना हुआ है।
क्यों बढ़ रही हैं सोने की कीमतें?
विशेषज्ञों के अनुसार पश्चिम एशिया में तनाव कम होने और कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट आने से निवेशकों का रुझान फिर से कीमती धातुओं की ओर बढ़ा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक अमेरिका और ईरान के बीच लंबे समय से जारी तनाव को खत्म करने के लिए समझौते की दिशा में बातचीत आगे बढ़ रही है। इससे वैश्विक व्यापार मार्ग होर्मुज स्ट्रेट में स्थिरता की उम्मीद बढ़ी है।
महंगाई की आशंकाओं में कमी और डॉलर की चाल में उतार-चढ़ाव भी सोने की कीमतों को प्रभावित कर रहे हैं। निवेशक सुरक्षित निवेश विकल्प के रूप में गोल्ड की ओर रुख कर रहे हैं, जिससे मांग बढ़ रही है।
Gold Price Today: प्रमुख शहरों में सोने का भाव
देश के अलग-अलग शहरों में सोने की कीमतों में मामूली अंतर देखा गया। दिल्ली, जयपुर, लखनऊ और चंडीगढ़ में 22 कैरेट सोने का भाव 1,39,610 रुपये प्रति 10 ग्राम रहा, जबकि 24 कैरेट गोल्ड 1,52,290 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया।
मुंबई, कोलकाता और हैदराबाद में 22 कैरेट सोना 1,39,460 रुपये प्रति 10 ग्राम और 24 कैरेट गोल्ड 1,52,140 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार करता रहा। अहमदाबाद और भोपाल में 22 कैरेट सोने की कीमत 1,39,510 रुपये और 24 कैरेट सोने की कीमत 1,52,190 रुपये प्रति 10 ग्राम रही।
दक्षिण भारत में चेन्नई सबसे महंगा बाजार बना रहा, जहां 24 कैरेट सोने की कीमत 1,53,830 रुपये प्रति 10 ग्राम और 22 कैरेट सोना 1,41,010 रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गया। पुणे और बेंगलुरु में भी सोने के दाम ऊंचे स्तर पर बने रहे।
चांदी में भी तेज उछाल
सोने के साथ-साथ चांदी की कीमतों में भी मजबूत तेजी दर्ज की गई है। 7 मई की सुबह चांदी का भाव बढ़कर 2,65,100 रुपये प्रति किलोग्राम पहुंच गया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में हाजिर चांदी 76.24 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही है।
इससे पहले 6 मई को दिल्ली के सर्राफा बाजार में चांदी की कीमत 3,500 रुपये या 1.4 प्रतिशत बढ़कर 2,54,500 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई थी। उल्लेखनीय है कि इसी साल जनवरी में देश में चांदी का भाव 4 लाख रुपये प्रति किलोग्राम के रिकॉर्ड स्तर को पार कर चुका है।
विशेषज्ञों का कहना है कि घरेलू बाजार में सोने और चांदी की कीमतें केवल स्थानीय मांग और आपूर्ति से नहीं, बल्कि वैश्विक आर्थिक हालात, डॉलर इंडेक्स, कच्चे तेल की कीमतों और भू-राजनीतिक परिस्थितियों से भी प्रभावित होती हैं। आने वाले दिनों में अंतरराष्ट्रीय बाजार की चाल के अनुसार कीमती धातुओं में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है।
====
हमारे लेटेस्ट अपडेट्स के लिए ‘कृषि भूमि’ से जुड़ें — बस इस लिंक पर क्लिक करें:
https://whatsapp.com/channel/0029Vb0T9JQ29759LPXk1C45
ये भी पढ़ें…
Gold Price Today: गोल्ड में निवेश का नया तरीका: NSE ने लॉन्च किए EGRs
चीन ने लौटाया भारतीय चावल: GMO विवाद गहराया, निर्यातकों ने केंद्र से तत्काल हस्तक्षेप की मांग
साल 2026 में ‘सुपर अलनीनो’ का खतरा: रिकॉर्ड गर्मी और चरम मौसम की आशंका