[polylang_langswitcher]

विचित्र शर्मा, कृषि भूमि ब्यूरो

ज्वाली, 09 जनवरी: हिमाचल प्रदेश सरकार सरकारी शिक्षण संस्थानों को मजबूत और आधुनिक बनाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। इसी कड़ी में कृषि एवं पशुपालन मंत्री प्रो. चंद्र कुमार ने वीरवार को ज्वाली विधानसभा क्षेत्र के राजकीय उच्च विद्यालय बग्गा में 56.33 लाख रुपये की लागत से बनने वाले अतिरिक्त भवन का शिलान्यास किया। इस भवन में पाँच नए कक्षा कक्षों का निर्माण किया जाएगा, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध होगा।

शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए कृषि मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकता सरकारी स्कूलों को निजी विद्यालयों के समकक्ष सुविधाएं उपलब्ध करवाना है, ताकि हर बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके। उन्होंने बताया कि ज्वाली विधानसभा क्षेत्र के सरकारी स्कूलों में भवन निर्माण, खेल मैदान, मंच और अन्य मूलभूत सुविधाओं के विकास पर लाखों रुपये खर्च किए जा रहे हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी आधुनिक शिक्षा का लाभ मिल सके।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार अब केवल शिक्षा के प्रसार पर ही नहीं, बल्कि उसकी गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दे रही है। इसी उद्देश्य से सरकारी विद्यालयों में पहली कक्षा से ही अंग्रेजी माध्यम शुरू किया गया है, ताकि बच्चे भविष्य की प्रतिस्पर्धाओं के लिए तैयार हो सकें। मंत्री ने जानकारी दी कि राज्य के 850 शिक्षण संस्थानों को “उत्कृष्ट शिक्षण संस्थान” के रूप में विकसित किया जा रहा है।

कृषि मंत्री ने बताया कि ज्वाली विधानसभा क्षेत्र के ठंगर में राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल का निर्माण कार्य तेज़ी से चल रहा है। इसके अलावा प्रदेश सरकार ने राज्य के 100 सरकारी स्कूलों में सीबीएसई पाठ्यक्रम लागू करने का निर्णय लिया है, जिसके तहत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नगरोटा सूरियां, कोटला और ज्वाली को भी शामिल किया गया है।

उन्होंने यह भी बताया कि नगरोटा सूरियां में डिग्री कॉलेज का निर्माण पूर्व विधायक नीरज भारती के कार्यकाल में करवाया गया था, जो आज क्षेत्र के युवाओं के लिए उच्च शिक्षा का प्रमुख केंद्र बन चुका है। ज्वाली डिग्री कॉलेज के नए भवन का निर्माण कार्य भी शीघ्र शुरू किया जाएगा।

विकास कार्यों की जानकारी देते हुए कृषि मंत्री ने कहा कि ज्वाली विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न परियोजनाओं पर तेज़ी से कार्य किया जा रहा है। दुराना–सिरमणी–सिहुणी सड़क के पुनर्निर्माण के लिए 10 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं रजोल–अनूही–बग्गा सड़क और पुल निर्माण के लिए भी 10 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। आयुर्वेदिक डिस्पेंसरी भवन निर्माण के लिए 43 लाख रुपये तथा हरियाँ–ताहलियाँ–कुठेड़ मार्ग के पुनर्निर्माण के लिए लगभग 8 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके अतिरिक्त विभिन्न पंचायतों में रास्तों के निर्माण के लिए विधायक निधि से चार लाख रुपये से अधिक की राशि जारी की जा चुकी है।

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिनकी सराहना करते हुए कृषि मंत्री ने अपनी ऐच्छिक निधि से 15 हजार रुपये देने की घोषणा की।

इस अवसर पर एसडीएम नरेंद्र जरियाल, एक्सईएन जल शक्ति अजय शर्मा, एक्सईएन बिजली बोर्ड विशाल पत्रवाल, एसडीओ पीडब्ल्यूडी राजेश, एसडीओ जल शक्ति हरजिंद्र, एक्सईएन बीएसएनएल सतपाल, विद्यालय के प्रधानाचार्य अजय कुमार, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष प्रदीप वर्मा, उपप्रधान योगेश सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, अभिभावक और विद्यार्थी उपस्थित रहे।

===

शेयर :

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

संबंधित श्रेणी न्यूज़

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें

ताज़ा न्यूज़

विज्ञापन

विशेष न्यूज़

Stay with us!

Subscribe to our newsletter and get notification to stay update.

राज्यों की सूची