मुंबई, 17 जनवरी (कृषि भूमि ब्यूरो): घरेलू सर्राफा बाजार में सोने की कीमतों में लगातार दूसरे दिन गिरावट दर्ज की गई है। आज सुबह देशभर में गोल्ड के भाव दबाव में रहे। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कमजोरी, मजबूत डॉलर और पश्चिम एशिया में तनाव कम होने से भू-राजनीतिक जोखिम घटने का असर सोने की कीमतों पर पड़ा है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने का हाजिर भाव टूटकर 4,603.51 डॉलर प्रति औंस पर आ गया है, जिससे घरेलू कीमतों में नरमी देखने को मिली।
दिल्ली, मुंबई समेत प्रमुख शहरों में गोल्ड रेट
राजधानी दिल्ली में 24 कैरेट सोने की कीमत घटकर 1,43,540 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गई है, जबकि 22 कैरेट सोना 1,31,590 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया है। मुंबई में 24 कैरेट गोल्ड 1,43,390 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा है।
पुणे और बेंगलुरु में भी 24 कैरेट सोने का भाव 1,43,390 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज किया गया है। अहमदाबाद में 22 कैरेट गोल्ड की कीमत 1,31,490 रुपये प्रति 10 ग्राम रही।
आज का गोल्ड रेट
| शहर | 22 कैरेट (₹/10 ग्राम) | 24 कैरेट (₹/10 ग्राम) |
|---|---|---|
| दिल्ली | 1,31,590 | 1,43,540 |
| मुंबई | 1,31,440 | 1,43,390 |
| अहमदाबाद | 1,31,490 | 1,43,440 |
| चेन्नई | 1,31,440 | 1,43,390 |
| कोलकाता | 1,31,440 | 1,43,390 |
| हैदराबाद | 1,31,440 | 1,43,390 |
| जयपुर | 1,31,590 | 1,43,540 |
| भोपाल | 1,31,490 | 1,43,440 |
| लखनऊ | 1,31,590 | 1,43,540 |
| चंडीगढ़ | 1,31,590 | 1,43,540 |
सोने में गिरावट के पीछे क्या कारण
अमेरिका में महंगाई के कमजोर आंकड़ों ने फेडरल रिजर्व की ओर से ब्याज दरों में कटौती की उम्मीदों को और मजबूत किया है। हालांकि, डॉलर की मजबूती और पश्चिम एशिया में तनाव कम होने से सुरक्षित निवेश की तात्कालिक मांग घटी है, जिससे सोने की कीमतों में दबाव देखने को मिला।
विशेषज्ञों का मानना है कि अगर फेड वास्तव में ब्याज दरों में कटौती करता है, तो आगे चलकर सोने और चांदी जैसे सेफ हेवन एसेट्स में निवेश दोबारा बढ़ सकता है।
चांदी की कीमतों में भी नरमी
सोने के साथ-साथ चांदी की कीमतों में भी गिरावट आई है। आज सुबह देश में चांदी का भाव घटकर 2,91,900 रुपये प्रति किलोग्राम रह गया है।अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी का हाजिर भाव गिरकर 90.33 डॉलर प्रति औंस पर आ गया है। इससे पहले चांदी 93.57 डॉलर प्रति औंस के रिकॉर्ड उच्च स्तर तक पहुंची थी।
अमेरिकी प्रशासन द्वारा चांदी और अन्य जरूरी धातुओं पर आयात शुल्क लगाने से फिलहाल बचने के संकेत मिलने के बाद कीमतों में कुछ नरमी आई है। हालांकि, घरेलू बाजार में साल 2026 में अब तक चांदी की कीमत करीब 22.4 प्रतिशत बढ़ चुकी है, जिससे इसका लंबी अवधि का ट्रेंड अब भी मजबूत माना जा रहा है।
===
हमारे लेटेस्ट अपडेट्स और खास जानकारियों के लिए अभी जुड़ें — बस इस लिंक पर क्लिक करें:
https://whatsapp.com/channel/0029Vb0T9JQ29759LPXk1C45