नई दिल्ली (कृषि भूमि ब्यूरो): त्योहारी सीजन के बाद अब आम उपभोक्ताओं को महंगाई का एक और झटका लगने जा रहा है। दूध की उपलब्धता में कमी और डेयरी उद्योग में दूध के फैट (वसा) की कीमतों में तेज उछाल के बीच मदर डेयरी और गुजरात कोऑपरेटिव मिल्क मार्केटिंग फेडरेशन (GCMMF) के अमूल ब्रांड के दूध की कीमतों में बढ़ोतरी की जानकारी सामने आई है। उद्योग सूत्रों के मुताबिक, 12 नवंबर से अलग-अलग श्रेणियों के दूध के दाम 2 रुपये से लेकर 6 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ाए जा रहे हैं। हालांकि, इस खबर के प्रकाशित होने तक दोनों कंपनियों की ओर से संयुक्त रूप से आधिकारिक घोषणा नहीं की गई थी।
फुल क्रीम दूध सबसे ज्यादा महंगा, जानिए नई कीमतें
कीमतों में प्रस्तावित बदलाव का सबसे ज्यादा असर फुल क्रीम और अधिक फैट वाले दूध पर पड़ेगा। उद्योग सूत्रों के अनुसार, 6 फीसदी फैट वाले फुल क्रीम दूध की कीमत में 4 रुपये और 6.5 फीसदी फैट वाले भैंस के फुल क्रीम दूध की कीमत में 6 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की जा रही है। वहीं टोंड दूध 2 रुपये प्रति लीटर महंगा होगा।
दिल्ली-एनसीआर में मदर डेयरी के दूध की संशोधित कीमतें इस प्रकार हैं:
| दूध की किस्म | पुरानी कीमत | नई कीमत |
|---|---|---|
| टोंड दूध (बल्क वेंडिंग) | ₹58 | ₹60 |
| टोंड दूध (पैकेट) | ₹60 | ₹62 |
| फुल क्रीम दूध | ₹72 | ₹76 |
| डबल टोंड दूध | ₹54 | ₹56 |
| गाय का दूध | ₹62 | ₹65 |
| भैंस का फुल क्रीम दूध | ₹80 | ₹86 |
नोट: कीमतें रुपये प्रति लीटर में हैं। भैंस के दूध की कीमत उद्योग सूत्रों से मिली जानकारी पर आधारित है।
इस बढ़ोतरी के बाद दिल्ली-एनसीआर में उपभोक्ताओं को पैकेट वाले फुल क्रीम दूध के लिए 76 रुपये और टोंड दूध के लिए 62 रुपये प्रति लीटर चुकाने होंगे। डबल टोंड दूध की कीमत 56 रुपये और गाय के दूध की कीमत 65 रुपये प्रति लीटर हो जाएगी।
फ्लश सीजन में क्यों बढ़ रहे हैं दूध के दाम?
दूध की कीमतों में इस समय बढ़ोतरी इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि नवंबर का महीना डेयरी उद्योग के लिए फ्लश सीजन का हिस्सा माना जाता है। इस दौरान आमतौर पर पशुओं से दूध का उत्पादन बढ़ता है। दूध की उपलब्धता अधिक होने के कारण किसानों को मिलने वाली खरीद कीमतों पर भी दबाव रहता है।
लेकिन इस बार उद्योग की स्थिति इसके उलट बताई जा रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, दूध की उपलब्धता और मिल्क कलेक्शन पर दबाव बना हुआ है। दूध की खरीद बनाए रखने और किसानों को उत्पादन बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से डेयरी कंपनियों ने खरीद कीमतों में इजाफा किया है।
अमूल ने किसानों को दूध की कीमत तय करने के लिए इस्तेमाल होने वाली फैट की दर बढ़ाकर 1,000 रुपये प्रति किलोग्राम कर दी है। इससे किसानों को दूध की गुणवत्ता और फैट के आधार पर 60 रुपये प्रति लीटर से अधिक कीमत मिलने की जानकारी है।
फैट की कीमतों में 25 फीसदी तक उछाल, घी भी महंगा
डेयरी उद्योग के सामने दूसरी बड़ी चुनौती दूध के फैट की बढ़ती कीमतें हैं। उद्योग सूत्रों के मुताबिक, पिछले कुछ महीनों में दूध के फैट की कीमतों में 20 से 25 फीसदी तक वृद्धि हुई है। इसका असर घी जैसे उत्पादों पर भी दिखाई दे रहा है।
प्रमुख ब्रांड के पैक्ड घी की एक लीटर की कीमत बढ़कर 730 से 740 रुपये तक पहुंचने की जानकारी है। दूध की उपलब्धता कम होने पर डेयरी कंपनियां मिल्क पाउडर और फैट के मिश्रण से तरल दूध तैयार करके आपूर्ति बनाए रखती हैं। लेकिन फैट महंगा होने से यह विकल्प भी पहले के मुकाबले महंगा पड़ रहा है। ऐसे में कंपनियों के लिए लागत का बोझ उपभोक्ताओं तक पहुंचाना एक विकल्प बन गया है।
डेयरी उद्योग का कहना है कि पशु चारे और दूसरे इनपुट की कीमतें बढ़ने से किसानों की उत्पादन लागत में इजाफा हुआ है। ऐसे में किसानों को बेहतर खरीद मूल्य देना जरूरी हो गया है। मदर डेयरी के मामले में भी किसानों से दूध की खरीद कीमत बढ़ने को उपभोक्ता कीमतों में संशोधन की प्रमुख वजह बताया गया है। कंपनी अपनी दूध बिक्री से होने वाली प्राप्ति का लगभग 75-80 फीसदी किसानों तक पहुंचाती है।
सरकारी उत्पादन आंकड़ों और जमीनी स्थिति पर सवाल
दूध की उपलब्धता को लेकर उद्योग में जताई जा रही चिंता के बीच सरकारी आंकड़ों पर भी चर्चा शुरू हो गई है। डेयरी उद्योग से जुड़े कुछ लोगों का दावा है कि सरकारी उत्पादन अनुमानों और बाजार में दूध की वास्तविक उपलब्धता के बीच अंतर दिखाई दे रहा है।
हालांकि, सरकारी आंकड़ों की तस्वीर इससे अलग है। पशुपालन एवं डेयरी विभाग के बेसिक एनिमल हसबेंडरी स्टैटिस्टिक्स 2025 के मुताबिक, देश में दूध उत्पादन 2023-24 के 239.30 मिलियन टन से बढ़कर 2024-25 में 247.87 मिलियन टन हो गया। इसमें सालाना 3.58 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई। प्रति व्यक्ति दूध की उपलब्धता भी 471 ग्राम से बढ़कर 485 ग्राम प्रतिदिन हो गई।
इसलिए मौजूदा कीमत वृद्धि को देश में कुल दूध उत्पादन घटने का सीधा प्रमाण नहीं माना जा सकता। हालांकि, स्थानीय स्तर पर दूध संग्रह, पशु उत्पादकता, फैट की उपलब्धता और खरीद लागत में आने वाले बदलावों की पड़ताल जरूरी है। उद्योग सूत्रों ने दुधारू पशुओं की संख्या में कमी की आशंका भी जताई है। इस संबंध में पशुधन गणना के विस्तृत आंकड़ों और स्वतंत्र आकलन से ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
पहले नंदिनी ने बढ़ाए थे 8 रुपये प्रति लीटर
इससे पहले कर्नाटक की सहकारी डेयरी संस्था नंदिनी ने दूध की कीमतों में 8 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ोतरी की थी। इसके बावजूद राज्य में टोंड दूध की कीमत 54 रुपये प्रति लीटर बताई जा रही है। इसकी एक वजह राज्य सरकार की ओर से किसानों को दी जाने वाली सब्सिडी है।
मदर डेयरी और अमूल की कीमतों में ताजा बढ़ोतरी ऐसे समय हुई है जब दूध और दुग्ध उत्पादों की लागत पहले से ही चर्चा में है। इसका सीधा असर घरेलू बजट पर पड़ेगा। वहीं, किसानों के लिए बढ़ी हुई खरीद कीमत राहत का माध्यम बन सकती है। हालांकि, यह राहत कितनी टिकाऊ होगी, इसका जवाब दूध की उपलब्धता, पशु चारे की लागत और डेयरी क्षेत्र की उत्पादकता में होने वाले बदलावों से तय होगा।
इन ख़बरों को भी पढ़ें…
E20 पेट्रोल पर कर्नाटक सरकार और केंद्र में टकराव, जांच में 31.2% तक एथेनॉल मिलने का दावा
चावल की बढ़ती कीमतों पर सरकार सख्त, 50 लाख टन बिक्री का लक्ष्य
देश के प्रमुख जलाशयों में घटा जलस्तर, कुल क्षमता का सिर्फ 67% पानी उपलब्ध
UPI पेमेंट पर फिलहाल नहीं लगेगा शुल्क, NPCI ने 15 अक्टूबर की डेडलाइन बढ़ाई
सितंबर में दो साल के उच्चतम स्तर पर पहुंची खुदरा महंगाई, 5.54% हुई दर; प्याज की कीमतों में 108% उछाल
गेहूं MSP में सिर्फ ₹25 की बढ़ोतरी, किसान संगठनों में नाराजगी; लागत और C2+50% फॉर्मूले पर उठे सवाल
यूपी की सभी 251 मंडियां अब Agmarknet 2.0 से जुड़ीं, किसान एक क्लिक में जान सकेंगे कहां क्या भाव
बारिश ने बिगाड़ा सब्जियों का गणित: मंडियों में आवक घटी, धनिया-अदरक के दाम 250 रुपये किलो तक
महाराष्ट्र में 15 अक्टूबर से शुरू होगा 2026-27 का गन्ना पेराई सत्र, सरकार ने लिया बड़ा फैसला
= = = = = =
लेटेस्ट अपडेट्स के लिए ‘कृषि भूमि’ के व्हाट्सएप्प चैनल से जुड़ें