दिल्ली, 26 नवंबर (कृषि भूमि ब्यूरो): केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को वर्ष 2024-25 के बागवानी फसलों के तृतीय अग्रिम अनुमान जारी किए। ताज़ा आकलन से स्पष्ट है कि देश में बागवानी क्षेत्र लगातार विस्तार कर रहा है और उत्पादन भी रिकॉर्ड स्तर की ओर बढ़ रहा है।
अनुमान के अनुसार, इस वर्ष बागवानी का कुल रकबा 294.88 लाख हेक्टेयर तक पहुंच गया है, जो पिछले वर्ष के 290.86 लाख हेक्टेयर की तुलना में लगभग 4 लाख हेक्टेयर अधिक है। वहीं कुल बागवानी उत्पादन 35.48 करोड़ टन से बढ़कर 36.90 करोड़ टन होने का अनुमान है।
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस प्रगति को किसानों की कड़ी मेहनत, कृषि वैज्ञानिकों की भूमिका और केंद्र सरकार की किसान-हितैषी नीतियों का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि फल और सब्जियों के क्षेत्र में देश ने प्रभावशाली वृद्धि दर्ज की है।
फल उत्पादन में 5.12% की बढ़त
फल उत्पादन में इस वर्ष विशेष वृद्धि देखी गई है। फल उत्पादन 11.87 करोड़ टन होने का अनुमान है, जो लगभग 5.12% की वृद्धि दर्शाता है।
केला, आम, तरबूज, कटहल, पपीता और अमरूद जैसे फलों का इसमें महत्वपूर्ण योगदान है।
सब्जियों के उत्पादन में 4.09% वृद्धि
सब्जी उत्पादन भी मजबूत रहा है और यह बढ़कर 21.56 करोड़ टन होने का अनुमान है। सब्जियों के तहत कई प्रमुख फसलों ने स्थिर और सकारात्मक प्रदर्शन किया है।
प्याज उत्पादन में इस बार बड़ी छलांग लगने की संभावना है। वर्ष 2024-25 में प्याज उत्पादन 242.67 लाख टन से बढ़कर 307.89 लाख टन होने का अनुमान है, यानी 26.88% की रिकॉर्ड वृद्धि।
आलू उत्पादन 1.85% बढ़कर 581.08 लाख टन, जबकि टमाटर उत्पादन 194.68 लाख टन रहने का अनुमान है।
मसालों और औषधीय पौधों का उत्पादन भी बढ़ा
तृतीय अग्रिम अनुमान के अनुसार, सुगंधित और औषधीय पौधों का उत्पादन 7.26 लाख टन से बढ़कर 7.81 लाख टन पहुंचने का अनुमान है।
मसाला उत्पादन 125.03 लाख टन रहने की उम्मीद है, जिसमें लहसुन, अदरक और हल्दी का प्रदर्शन उल्लेखनीय रहा है। पिछले वर्ष मसालों का उत्पादन 124.84 लाख टन था।
कृषि में नई तकनीकें और बाजार सुधारों का असर
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि सरकार किसानों के लिए नई तकनीकें और उन्नत कृषि पद्धतियां उपलब्ध करा रही है। इनसे कृषि उत्पादकता और आय दोनों में वृद्धि हो रही है।
उन्होंने कहा कि बागवानी में नई तकनीक, बेहतर बीज, उन्नत प्रबंधन और बाजार ढांचे के सुधारों ने भारत को कृषि क्षेत्र में एक वैश्विक लीडर बनने की दिशा में आगे बढ़ाया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य के अनुरूप कृषि क्षेत्र में निरंतर प्रगति और किसान समृद्धि को बढ़ावा दिया जा रहा है।
===
हमारे लेटेस्ट अपडेट्स और खास जानकारियों के लिए अभी जुड़ें — बस इस लिंक पर क्लिक करें:
https://whatsapp.com/channel/0029Vb0T9JQ29759LPXk1C45