लखनऊ, 24 अक्तूबर (कृषि भूमि ब्यूरो): उत्तर प्रदेश में धान खरीद अभियान 2025-26 की औपचारिक शुरुआत हो चुकी है। राज्य सरकार ने पश्चिमी यूपी के जिलों—मेरठ, मुरादाबाद, सहारनपुर, बरेली, आगरा, अलीगढ़ और झांसी—में धान की सरकारी खरीद शुरू कर दी है। इस अभियान के तहत अब तक 35.63 हजार मीट्रिक टन धान की खरीदी की जा चुकी है।
कृषि विभाग के अनुसार, 1.37 लाख से अधिक किसानों ने ऑनलाइन पंजीकरण करा लिया है। प्रदेश सरकार ने इस वर्ष के लिए 60 लाख मीट्रिक टन धान खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया है।
पंजीकरण www.fcs.up.gov.in और मोबाइल ऐप UP KISAN MITRA पर ऑनलाइन तरीके से किया जा रहा है। किसानों को ओटीपी आधारित सिंगल पंजीकरण का विकल्प उपलब्ध कराया गया है। पंजीकरण के बाद भुगतान सीधे आधार लिंक्ड बैंक खातों में किया जा रहा है।
धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) इस वर्ष ₹2,369 प्रति क्विंटल (साधारण धान) और ₹2,389 प्रति क्विंटल (ग्रेड-ए धान) तय किया गया है। प्रदेशभर में 4,000 क्रय केंद्र स्थापित किए गए हैं, जिनमें से 3,790 केंद्र सक्रिय रूप से कार्यरत हैं। ये केंद्र सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक खुले रहते हैं।
पूर्वी उत्तर प्रदेश में धान खरीद पहली नवंबर से शुरू होगी। इसमें चित्रकूट, कानपुर, अयोध्या, गोरखपुर, देवीपाटन, बस्ती, आजमगढ़, वाराणसी, मीरजापुर और प्रयागराज संभाग शामिल हैं। इसके अलावा लखनऊ, रायबरेली और उन्नाव जनपद में भी पहली नवंबर से खरीद शुरू होगी, जो 28 फरवरी 2026 तक चलेगी।
कृषि मंत्री के अनुसार, “सरकार किसानों को फसल का उचित मूल्य दिलाने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। भुगतान सीधे किसानों के बैंक खातों में किया जाएगा ताकि पारदर्शिता बनी रहे।”
यह अभियान राज्य के लाखों किसानों के लिए राहत लेकर आया है, क्योंकि समय पर धान की खरीद और भुगतान से किसानों की नकदी प्रवाह में स्थिरता बनी रहेगी।