मुंबई : महाराष्ट्र में भारी बारिश के चलते उत्पन्न परिस्थितियों की मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस लगातार समीक्षा कर रहे हैं। उन्होंने प्रशासन को अलर्ट मोड पर रहने का निर्देश दिया है और जहां भी नुकसान हुआ है, वहां तत्काल पंचनामे करने के आदेश दिए हैं। मुख्यमंत्री राज्य के मुख्य सचिव और आपदा निवारण कक्ष से नियमित संपर्क में हैं।
राज्यभर में भारी बारिश से प्रभावित क्षेत्र
पुणे, सातारा, सोलापुर, रायगढ़, मुंबई और एमएमआर में भारी बारिश दर्ज की गई है।
- पुणे: दौंड में 117 मिमी, बारामती में 104.75 मिमी और इंदापुर में 63.25 मिमी बारिश हुई।
- बारामती: 25 घरों को आंशिक नुकसान पहुंचा, 7 लोग बाढ़ में फंसे, जिन्हें बचाया गया। 70-80 परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया।
- फलटण: 163.5 मिमी बारिश हुई। एनडीआरएफ की टीम तैनात है, और 30 नागरिकों को सुरक्षित आश्रय एवं भोजन उपलब्ध कराया गया।
- सोलापुर: 67.75 मिमी बारिश। माळशिरस तालुका में 6 नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।
- पंढरपुर: भीमा नदी में तीन लोग फंसे हुए, बचाव कार्य जारी।
- रायगढ़: एक व्यक्ति की आकाशीय बिजली गिरने से मौत। महाड-रायगढ़ किला मार्ग भारी बारिश के कारण बंद।
मुंबई में बारिश की स्थिति
पिछले 24 घंटों में मुंबई में 135.4 मिमी बारिश दर्ज की गई। शहर में 6 स्थानों पर जलभराव की शिकायतें मिलीं, 18 जगहों पर शॉर्ट सर्किट की घटनाएं हुईं, और 5 स्थानों पर इमारतों की दीवारें गिरीं। हालांकि, किसी भी स्थान पर कोई जनहानि नहीं हुई। मुंबई महानगरपालिका, अग्निशमन दल, मुंबई पुलिस और अन्य आपातकालीन सेवाएं सतर्क हैं। एनडीआरएफ की 5 टीमें किसी भी संभावित आपदा से निपटने के लिए तैयार हैं।
आने वाले 24 घंटों का पूर्वानुमान
हवामान विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों में मुंबई में गरज के साथ तेज हवाओं सहित भारी बारिश की संभावना है। मुख्यमंत्री ने सभी संबद्ध विभागों को सतर्क रहने और बचाव कार्यों के लिए तैयार रहने का निर्देश दिया है। जलसंपदा विभाग को लगातार निगरानी बनाए रखने के आदेश दिए गए हैं।
सरकार ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे सावधानी बरतें और प्रशासन द्वारा जारी किए गए दिशा-निर्देशों का पालन करें।