[polylang_langswitcher]

Food Subsidy: अनाज के रिकॉर्ड भंडार से बढ़ा सरकार पर दबाव, 2026-27 में ₹25,000 करोड़ बढ़ सकती है खाद्य सब्सिडी

नई दिल्ली, 03 फरवरी (कृषि भूमि ब्यूरो): केंद्र सरकार पर खाद्य सब्सिडी – Food Subsidyका बोझ अगले वित्त वर्ष में और बढ़ सकता है। सरकारी अधिकारियों के मुताबिक, भारतीय खाद्य निगम (FCI) के पास तय मानकों से कहीं ज्यादा अनाज का भंडार बना हुआ है, जिसके चलते 2026-27 में खाद्य सब्सिडी के बजट में करीब ₹25,000 करोड़ की अतिरिक्त बढ़ोतरी करनी पड़ सकती है।

सरकार ने अगले वित्त वर्ष के लिए खाद्य सब्सिडी का शुरुआती अनुमान ₹2.27 लाख करोड़ रखा है, लेकिन यदि अनाज का स्टॉक मौजूदा स्तर पर बना रहता है, तो इस आवंटन को और बढ़ाना होगा। अधिकारियों का कहना है कि अनाज की खरीद, भंडारण और ढुलाई की लागत लगातार बढ़ रही है, जिससे सब्सिडी का दबाव और गहराता जा रहा है।

बढ़ती लागत ने बढ़ाई चिंता

अनुमान है कि 2026-27 में FCI के लिए चावल की आर्थिक लागत (MSP, भंडारण और परिवहन खर्च मिलाकर) ₹4,391 प्रति क्विंटल तक पहुंच जाएगी, जो पिछले वर्ष ₹4,211 प्रति क्विंटल थी। इसी तरह गेहूं की लागत ₹2,968 से बढ़कर ₹3,145 प्रति क्विंटल होने की उम्मीद है। लागत में यह बढ़ोतरी सीधे तौर पर सरकार के सब्सिडी बिल को बढ़ा रही है।

खाद्य मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, चालू वित्त वर्ष में भी सरकार को खाद्य सब्सिडी का बजट ₹2.03 लाख करोड़ से बढ़ाकर ₹2.28 लाख करोड़ करना पड़ा, ताकि FCI को अतिरिक्त कर्ज न लेना पड़े और सरप्लस स्टॉक का प्रबंधन किया जा सके।

तय सीमा से तीन गुना ज्यादा चावल का भंडार

सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, इस समय केंद्रीय पूल में 33 मिलियन टन से ज्यादा चावल मौजूद है, जबकि जनवरी महीने के लिए बफर नॉर्म 7.61 मिलियन टन तय है। यानी चावल का स्टॉक जरूरत से करीब तीन गुना ज्यादा है। इसके अलावा, मिलरों से अभी लगभग 37 मिलियन टन अनाज और प्राप्त होना बाकी है, जिससे भंडार और बढ़ सकता है।

विशेषज्ञों के अनुसार, हर साल MSP में 3% से 7% की बढ़ोतरी और किसानों से बड़े पैमाने पर खुली खरीद इस स्थिति की बड़ी वजह है। सरकार हर साल करीब 75 से 80 मिलियन टन अनाज खरीदती है, जिससे स्टॉक लगातार बढ़ता जा रहा है।

अनाज लागत तुलना (₹/क्विंटल)

फसल2025-262026-27 (अनुमानित)
चावल4,2114,391
गेहूं2,9683,145

81 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन जारी रहेगा

खाद्य सब्सिडी का बड़ा हिस्सा प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना (PMGKAY) पर खर्च होता है। इस योजना के तहत देश के करीब 81 करोड़ लोगों को हर महीने 5 किलो मुफ्त अनाज दिया जाता है। सरकार ने इस योजना को 2028 के अंत तक बढ़ा दिया है, जिससे अनुमान है कि पूरी अवधि में सरकारी खजाने पर ₹11.8 लाख करोड़ का खर्च आएगा।

FCI हर साल इस योजना के लिए लगभग 36–38 मिलियन टन चावल और 18–20 मिलियन टन गेहूं की आपूर्ति करता है।

खुले बाजार में रिकॉर्ड बिक्री के बावजूद दबाव

अनाज के बढ़ते भंडार को कम करने के लिए सरकार ने खुले बाजार में बिक्री भी तेज की है। वित्त वर्ष 2026 में अब तक 7.7 मिलियन टन अनाज खुले बाजार में बेचा जा चुका है, जो पिछले साल की 4.63 मिलियन टन की बिक्री से काफी ज्यादा है। इसके बावजूद बंपर खरीद और MSP में लगातार बढ़ोतरी के चलते स्टॉक कम होने के बजाय बढ़ता ही जा रहा है।

===
हमारे लेटेस्ट अपडेट्स और खास जानकारियों के लिए अभी जुड़ें — बस इस लिंक पर क्लिक करें:
https://whatsapp.com/channel/0029Vb0T9JQ29759LPXk1C45

शेयर :

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें

ताज़ा न्यूज़

विज्ञापन

विशेष न्यूज़

Stay with us!

Subscribe to our newsletter and get notification to stay update.

राज्यों की सूची