मुंबई (कृषि भूमि ब्यूरो): Indonesia Palm Oil — दुनिया के सबसे बड़े पाम ऑयल उत्पादक देश इंडोनेशिया द्वारा पाम ऑयल एक्सपोर्ट को एक केंद्रीकृत सरकारी एजेंसी के माध्यम से नियंत्रित करने की योजना ने वैश्विक खाद्य तेल बाजार में नई अनिश्चितता पैदा कर दी है। इस कदम से सप्लाई बाधित होने की आशंका बढ़ी है, जिसके चलते अंतरराष्ट्रीय बाजार में “पॉलिसी रिस्क प्रीमियम” तेज़ी से बढ़ रहा है।
Indonesia Palm Oil Export Control: विशेषज्ञों का मानना है कि यदि इंडोनेशिया अपने पाम ऑयल निर्यात को सरकारी नियंत्रण में लाता है, तो इससे वैश्विक सप्लाई चेन प्रभावित हो सकती है और कीमतों में अस्थिरता बढ़ सकती है। इसका सीधा असर भारत जैसे बड़े आयातक देशों पर पड़ सकता है, जो अपनी खाद्य तेल जरूरतों के लिए इंडोनेशियाई पाम ऑयल पर काफी निर्भर हैं।
दुनिया भर में होने वाले पाम ऑयल निर्यात में इंडोनेशिया की हिस्सेदारी 50% से अधिक है। सरकार पहले भी घरेलू उपलब्धता सुनिश्चित करने और बायोडीज़ल कार्यक्रम के लिए सप्लाई बढ़ाने के उद्देश्य से निर्यात नियंत्रण संबंधी कदम उठा चुकी है। उन फैसलों का असर केवल पाम ऑयल तक सीमित नहीं रहा, बल्कि सोया ऑयल और सूरजमुखी तेल जैसी प्रतिस्पर्धी खाद्य तेलों की कीमतों में भी उछाल देखा गया था।
बाजार पहले से ही बायोडीज़ल की बढ़ती मांग और एल-नीनो से जुड़े सूखे मौसम के कारण आपूर्ति दबाव का सामना कर रहा है। ऐसे समय में इंडोनेशिया की नई नीति ने ट्रेडिंग कंपनियों और खरीदारों की चिंता बढ़ा दी है।
राष्ट्रपति Prabowo Subianto ने बुधवार को संकेत दिया कि सरकार पाम ऑयल, कोयला और फेरोएलॉय जैसे प्रमुख प्राकृतिक संसाधनों के निर्यात को एक सरकारी एजेंसी के जरिए संचालित करने की दिशा में आगे बढ़ रही है। Indonesia Palm Oil Export Control के जरिये सरकार का उद्देश्य प्राकृतिक संसाधनों पर नियंत्रण मजबूत करना और राजस्व बढ़ाना बताया जा रहा है।
घोषणा के बाद मलेशियन पाम ऑयल फ्यूचर्स में शुरुआती तेजी देखी गई। हालांकि बाद में कीमतों में मामूली नरमी आई, लेकिन बाजार सहभागियों का कहना है कि निवेशकों की चिंता अभी बनी हुई है।
पतंजलि फूड्स के वाइस प्रेसिडेंट आशीष आचार्य ने कहा, “पाम ऑयल बाजार पहले से ही पश्चिम एशिया में तनाव के कारण बढ़ती ऊर्जा कीमतों के असर को समायोजित करने की कोशिश कर रहा है। इंडोनेशिया के इस कदम से अनिश्चितता की एक और परत जुड़ सकती है, जिससे बाजार में उतार-चढ़ाव बढ़ेगा।”
Indonesia Palm Oil Export Control: प्राइसिंग पावर पर बढ़ेगा सरकारी नियंत्रण
उद्योग विशेषज्ञों का कहना है कि केंद्रीकृत निर्यात व्यवस्था इंडोनेशिया के पाम ऑयल ट्रेडिंग ढांचे को पूरी तरह बदल सकती है। इससे प्राइसिंग पावर कुछ सरकारी या सरकार-समर्थित संस्थाओं के हाथों में केंद्रित हो सकती है, जबकि मौजूदा बाजार-आधारित तंत्र कमजोर पड़ सकता है।
मलेशियन पाम ऑयल उद्योग के वरिष्ठ विशेषज्ञ एम.आर. चंद्रन ने कहा कि ऐसा मॉडल बाजार की पारदर्शिता कम कर सकता है और व्यापारिक फैसलों में राजनीतिक हस्तक्षेप बढ़ा सकता है।
उन्होंने कहा, “यदि खरीदार स्थिर नीति और भरोसेमंद सप्लाई की तलाश करेंगे, तो इसका लाभ Malaysia को मिल सकता है।”
इंडोनेशियन पाम ऑयल एसोसिएशन के चेयरमैन एडी मार्टोनो ने भी चेतावनी दी कि यदि निर्यात प्रवाह को सावधानीपूर्वक प्रबंधित नहीं किया गया, तो विदेशी खरीदारों के साथ वर्षों से बने व्यापारिक संबंध प्रभावित हो सकते हैं।
छोटे किसानों पर भी असर की आशंका
विश्लेषकों का कहना है कि इस (Indonesia Palm Oil Export Control) नीति का सबसे बड़ा असर इंडोनेशिया के लाखों छोटे पाम उत्पादकों पर पड़ सकता है। छोटे किसानों का प्रतिनिधित्व करने वाले संगठन POPSI के मैनसुएटस डार्टो ने कहा कि यदि बाजार तक पहुंच एक केंद्रीकृत एजेंसी के नियंत्रण में आ जाती है, तो किसानों की मोलभाव क्षमता कमजोर हो जाएगी।
उन्होंने कहा, “जब खरीदारों की संख्या घटती है और बाजार तक पहुंच सीमित हो जाती है, तब किसान केवल कीमत स्वीकार करने वाले बनकर रह जाते हैं।”
इंडोनेशिया पहले ही अवैध ऑयल पाम प्लांटेशन पर कार्रवाई तेज कर चुका है और लाखों हेक्टेयर भूमि को सरकारी नियंत्रण वाली कंपनी एग्रीनास पाल्मा नुसंतारा को हस्तांतरित किया गया है।
मुंबई स्थित एक वैश्विक ट्रेडिंग हाउस के डीलर ने नाम न छापने की शर्त पर कहा कि एल-नीनो के कारण साल की दूसरी छमाही में उत्पादन कमजोर रहने की आशंका है। ऐसे में इंडोनेशिया की नई नीति वैश्विक बाजार में सप्लाई को और तंग कर सकती है।
====Indonesia Palm Oil Export Control====
हमारे लेटेस्ट अपडेट्स के लिए ‘कृषि भूमि’ से जुड़ें — बस आप इस लिंक पर क्लिक करें:
https://whatsapp.com/channel/0029Vb0T9JQ29759LPXk1C45
इन ख़बरों को भी पढ़ें…
वैश्विक खाद्य तेल बाजार में तेजी से घरेलू तिलहन क्षेत्र को मिला सहारा; सरसों ₹7000 के पार
NEET 2026 Paper Leak: सिर्फ पेपर नहीं लीक हुआ, लाखों परिवारों का भरोसा टूटा
एशियाई देशों की करेंसी बचाने की जंग तेज़, RBI समेत कई सेंट्रल बैंक बाजार में सक्रिय
ग्रामीण भारत में गहराया रोजगार संकट, अप्रैल 2026 में बेरोजगारी दर बढ़कर 5.2% पहुंची
पाम ऑयल आयात में उछाल से 13% बढ़ा भारत का खाद्य तेल आयात, महंगा हुआ आयात बिल