नई दिल्ली, 31 दिसंबर (कृषि भूमि ब्यूरो): पब्लिक प्रोविडेंट फंड (PPF), नेशनल सेविंग्स सर्टिफिकेट (NSC) और अन्य स्मॉल सेविंग्स स्कीम्स में निवेश करने वालों के लिए अहम खबर है। वित्त मंत्रालय आज स्मॉल सेविंग्स स्कीम्स के इंटरेस्ट रेट्स की समीक्षा कर सकती है। अगर सरकार नए रेट्स का ऐलान करती है, तो ये जनवरी–मार्च 2026 तिमाही के लिए लागू होंगे।
देश में करोड़ों निवेशक स्मॉल सेविंग्स स्कीम्स को सुरक्षित निवेश का जरिया मानते हैं। सरकार की गारंटी और तय रिटर्न के कारण इन योजनाओं में भरोसा बना रहता है, खासकर ऐसे समय में जब बैंक एफडी के रेट्स में कटौती हो रही है।
सुकन्या समृद्धि और SCSS में सबसे ज्यादा ब्याज
फिलहाल स्मॉल सेविंग्स स्कीम्स में सबसे ज्यादा इंटरेस्ट रेट 8.2% है, जो सुकन्या समृद्धि योजना (SSY) और सीनियर सिटीजंस सेविंग्स स्कीम (SCSS) पर मिल रहा है। वहीं, PPF पर 7.1%, NSC पर 7.7%, पोस्ट ऑफिस मंथली इनकम स्कीम (POMIS) पर 7.4% और किसान विकास पत्र (KVP) पर 7.5% इंटरेस्ट मिल रहा है।
इस साल आरबीआई द्वारा रेपो रेट में कुल 1.25% की कटौती के बाद बैंकों ने एफडी रेट घटाए हैं, लेकिन स्मॉल सेविंग्स स्कीम्स के रेट्स अब तक स्थिर रखे गए हैं।
रेपो रेट घटा, लेकिन स्मॉल सेविंग्स रेट स्थिर
आरबीआई के रेपो रेट में कटौती के बावजूद सरकार ने अक्टूबर–दिसंबर 2025 तिमाही में स्मॉल सेविंग्स स्कीम्स के इंटरेस्ट रेट्स में कोई बदलाव नहीं किया। यही वजह है कि इन योजनाओं और बैंक एफडी के रिटर्न के बीच अंतर बढ़ता जा रहा है।
हर तिमाही होती है समीक्षा
सरकार और आरबीआई मिलकर हर तिमाही इन स्कीम्स के रेट्स की समीक्षा करते हैं। ब्याज दरें तय करने में मार्केट यील्ड, इनफ्लेशन और गवर्नमेंट बॉन्ड यील्ड जैसे फैक्टर अहम भूमिका निभाते हैं। ऐसे में आने वाली तिमाही में रेट्स में बदलाव की गुंजाइश से इनकार नहीं किया जा सकता।
पीपीएफ बना निवेशकों की पहली पसंद
एक्सपर्ट्स का मानना है कि संभावित बदलाव के बावजूद PPF लंबी अवधि के निवेश के लिए सबसे भरोसेमंद विकल्प बना रहेगा। 15 साल की मैच्योरिटी, टैक्स बेनिफिट और सरकार की गारंटी इसे सुरक्षित और लोकप्रिय बनाती है। नियमित निवेश से यह भविष्य के लिए मजबूत फाइनेंशियल फंड तैयार करता है।
===
हमारे लेटेस्ट अपडेट्स और खास जानकारियों के लिए अभी जुड़ें — बस इस लिंक पर क्लिक करें:
https://whatsapp.com/channel/0029Vb0T9JQ29759LPXk1C45