रांची, 19 नवंबर कृषि भूमि ब्यूरो): झारखंड सरकार ने राज्य के किसानों के लिए एक महत्वपूर्ण राहत की घोषणा की है। खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री इरफ़ान अंसारी ने बताया कि राज्य सरकार वित्त वर्ष 2025-26 में धान बेचने वाले किसानों को केंद्र के न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) के अतिरिक्त ₹100 प्रति क्विंटल बोनस देगी। सरकार इस प्रस्ताव को तैयार कर चुकी है और इसे जल्द ही कैबिनेट बैठक में मंजूरी दी जाएगी।
15 दिसंबर से शुरू होगी धान खरीद प्रक्रिया
मंत्री ने बताया कि झारखंड में धान की कटाई अगले 10–15 दिनों में पूरी हो जाएगी। इसे देखते हुए सरकार ने धान खरीद प्रक्रिया को अंतिम रूप दे दिया है और 15 दिसंबर 2025 तक धान खरीद शुरू कर दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि किसानों को बिचौलियों से मुक्ति दिलाने और उनकी आय सुरक्षित करने के लिए सरकार धान खरीद का एकमुश्त भुगतान करेगी।
MSP पर मिलेगा अतिरिक्त बोनस
केंद्र सरकार ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए धान का MSP पहले ही घोषित कर दिया है। केंद्र ने सामान्य धान का एमएसपी 2,369 रुपये प्रति क्विंटल और ग्रेड-ए धान का एमएसपी रुपये 2,389 प्रति क्विंटल तय किया है। राज्य सरकार के नए प्रस्ताव के लागू होने पर किसानों को MSP के ऊपर ₹100 अतिरिक्त बोनस मिलेगा, जिससे उनकी कुल आमदनी बढ़ेगी।
किसानों के हित में बड़ा कदम
मंत्री इरफ़ान अंसारी ने कहा कि यह निर्णय किसानों की आर्थिक मजबूती के लिए बेहद आवश्यक था। एकमुश्त भुगतान से किसानों को समय पर पैसा मिलेगा और उन्हें बाजार के बिचौलियों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
सरकार का मानना है कि बोनस और सीधे भुगतान की इस नई व्यवस्था से राज्य में धान उत्पादन को भी बढ़ावा मिलेगा और किसान आत्मनिर्भर बनेंगे।
इस घोषणा के बाद झारखंड के किसानों में उत्साह बढ़ गया है और उम्मीद है कि धान खरीद के नए सीजन में किसानों को अधिक लाभ और पारदर्शिता मिलेगी।
===
हमारे लेटेस्ट अपडेट्स और खास जानकारियों के लिए अभी जुड़ें — बस इस लिंक पर क्लिक करें:
https://whatsapp.com/channel/0029Vb0T9JQ29759LPXk1C45