पटना, 14 अगस्त (कृषि भूमि ब्यूरो):
बिहार (Bihar) के कई नए इलाके बाढ़ (Flood) की चपेट में आ गए हैं। राज्य के दस जिलों में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है, जिससे अब तक 25 लाख से अधिक लोग प्रभावित हो चुके हैं। भागलपुर, बेगूसराय, मुंगेर, भोजपुर, पटना और वैशाली जिले बाढ़ से सबसे अधिक प्रभावित माने जा रहे हैं।
बढ़ते जलस्तर और राहत कार्यों की निगरानी को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) ने कल उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों में कोई कमी न हो। मुख्यमंत्री ने यह भी आदेश दिया कि सामुदायिक रसोई के माध्यम से लोगों को आश्रय और पका हुआ भोजन उपलब्ध कराया जाए।
इसके साथ ही, मुख्यमंत्री ने पशुओं के लिए चारे और पशु चिकित्सा सुविधा की तत्काल व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए, ताकि किसानों को पशुधन की हानि से बचाया जा सके।
मौसम विभाग (IMD) ने इस बीच चेतावनी दी है कि आज जम्मू-कश्मीर, पूर्वी मध्य प्रदेश और विदर्भ क्षेत्र में तेज बारिश हो सकती है। इससे इन क्षेत्रों में भी जलभराव और संभावित बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।
===
हमारे लेटेस्ट अपडेट्स और खास जानकारियों के लिए अभी जुड़ें — बस इस लिंक पर क्लिक करें:
https://whatsapp.com/channel/0029Vb0T9JQ29759LPXk1C45