कांकेर (छत्तीसगढ़): छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक रिटायरीज एसोसिएशन, उत्तर बस्तर कांकेर इकाई द्वारा आयोजित पारिवारिक पुनर्मिलन समारोह इस बार ऐतिहासिक बन गया, जब पहली बार दिए गए “हमर गौरव सम्मान” से प्रदेश के प्रसिद्ध जैविक कृषक, पर्यावरणविद और सामाजिक उद्यमी डॉ. राजाराम त्रिपाठी को सम्मानित किया गया।
यह सम्मान छत्तीसगढ़ी माटी, भाषा और संस्कृति के गौरव को समर्पित है और इसका उद्देश्य है कि बैंक परिवार के वे सदस्य जो सेवा के बाद भी समाज में उल्लेखनीय योगदान दे रहे हैं, उन्हें सम्मानित किया जाए।
![]()
डॉ. राजाराम त्रिपाठी : बैंक अधिकारी से ‘ग्रीन वॉरियर’ बनने तक का प्रेरक सफर
मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित डॉ. राजाराम त्रिपाठी ने बस्तर क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक में अधिकारी के रूप में सेवा दी थी। 25 वर्ष पहले उन्होंने बैंक सेवा से इस्तीफा देकर जैविक खेती, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में अपना जीवन समर्पित किया।
वे आज “माँ दंतेश्वरी ऑर्गेनिक हर्बल फ़ार्म” और “सेंट्रल हर्बल एग्रो मार्केटिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (CHAMF)” के संस्थापक एवं अध्यक्ष हैं। साथ ही वे नेशनल मेडिसिनल प्लांट बोर्ड (आयुष मंत्रालय) तथा भारतीय गुणवत्ता संस्थान (BIS) की कृषि मशीनरी समिति के सदस्य भी हैं।
उनकी विकसित की गई उच्च उत्पादकता वाली काली मिर्च की किस्म “माँ दंतेश्वरी ब्लैक पेपर-16 (MDBP-16)” ने किसानों को नई दिशा दी है। उनका अभिनव “नेचुरल ग्रीनहाउस प्रोजेक्ट” प्लास्टिक पॉलीहाउस का पर्यावरण-अनुकूल और किफ़ायती विकल्प बन चुका है।
उनके योगदान के लिए उन्हें “ग्लोबल ग्रीन वॉरियर”, “अर्थ हीरो अवॉर्ड”, “विभूति अलंकार” और “कबीर साहित्य सम्मान” जैसे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पुरस्कारों से नवाजा गया है।
![]()
डॉ. त्रिपाठी ने भावुक होकर कहा, “बैंक की सेवा ने मुझे कर्म, अनुशासन और परिवार की भावना सिखाई। वही संस्कार आज मेरी हर उपलब्धि की नींव हैं। बैंक ने मुझे परिवार दिया, और खेती ने पहचान।”
उन्होंने मंच से अपने 50 से अधिक वरिष्ठों और सहकर्मियों को नाम लेकर संबोधित किया और उनसे जुड़ी यादें साझा कीं। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उनके लिए विशेष है क्योंकि यह उसी संस्था से मिला है जिसमें उन्होंने अपने जीवन के स्वर्णिम वर्ष बिताए थे।
उन्होंने घोषणा की कि शीघ्र ही कोंडागांव के चिखलपुट्टी स्थित “माँ दंतेश्वरी हर्बल फ़ार्म” में बैंक रिटायरीज साथियों का आत्मीय पुनर्मिलन आयोजित किया जाएगा।
![]()
कार्यक्रम की अध्यक्षता अलखराम सिन्हा ने की और संचालन डॉ. लक्ष्मीनारायण खोब्रागड़े ने किया। इस अवसर पर डॉ. राजाराम त्रिपाठी, अलखराम सिन्हा, और डॉ. लक्ष्मीनारायण खोब्रागड़े को “हमर गौरव सम्मान” से सम्मानित किया गया। साथ ही सत्येंद्र कुमार पांडे, चित्रलेखा साहू, कमलेश कुंदन, संजय द्विवेदी, अनूप तिवारी, डी.के. ध्रुव, एवं रमेश सिंह को विशिष्ट अतिथि सम्मान प्रदान किया गया।
सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक चले इस आयोजन में आत्मीयता और सौहार्द का माहौल छाया रहा। शिप्रा त्रिपाठी के मधुर गीत और वीथिका कर के लोकगीत ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। आयोजन को सफल बनाने में अवध राम साहू, वीरेंद्र साहू, सनातन राम नाग, नील कुमार वटी, और नारायण राम नेताम सहित अन्य सदस्यों का योगदान सराहनीय रहा।
===
हमारे लेटेस्ट अपडेट्स और खास जानकारियों के लिए अभी जुड़ें — बस इस लिंक पर क्लिक करें:
https://whatsapp.com/channel/0029Vb0T9JQ29759LPXk1C45