नई दिल्ली, 1 सितंबर (कृषि भूमि ब्यूरो):
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने सितंबर 2025 के लिए मासिक पूर्वानुमान रिपोर्ट जारी करते हुए बताया है कि इस महीने देश के अधिकांश हिस्सों में सामान्य या सामान्य से अधिक वर्षा होने की संभावना है। यह अनुमान खरीफ फसलों और जल स्रोतों के लिए लाभदायक हो सकता है, लेकिन बाढ़ और भू-स्खलन जैसी प्राकृतिक आपदाओं की भी आशंका जताई गई है।
मौसम विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि कुछ क्षेत्रों में सामान्य से कम वर्षा हो सकती है, जिनमें शामिल हैं: पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत के कुछ हिस्से, दक्षिण भारत का सुदूर प्रायद्वीपीय क्षेत्र और उत्तर भारत के सीमित इलाके।
रेड अलर्ट: हिमाचल और उत्तराखंड में भारी वर्षा का खतरा
आज मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में अत्यधिक तेज बारिश के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। रिपोर्ट के अनुसार, हिमाचल प्रदेश के 10 जिलों — शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, चंबा, कांगड़ा, ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर में सभी शैक्षणिक संस्थानों को बंद रखने का आदेश दिया गया है। राज्य में लगातार बारिश से भूस्खलन और सड़कों के टूटने की घटनाएं सामने आ रही हैं। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने जिला प्रशासन को राहत और बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।
उत्तर भारत और पश्चिम भारत में भी अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने निम्नलिखित राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में अगले दो दिनों तक अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई है: पूर्वी राजस्थान, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, ओडिशा, पंजाब और उत्तर प्रदेश।
महाराष्ट्र: मुंबई सहित कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने महाराष्ट्र के लिए भी इस सप्ताह अलर्ट जारी किया है। 3 सितंबर को मुंबई और ठाणे जिलों को येलो अलर्ट जारी किया गया है, जबकि पालघर और रायगढ़ जिलों को ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। 4 सितंबर को मुंबई, पुणे, रायगढ़, सतारा, सांगली और सोलापुर जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मराठवाड़ा और नासिक क्षेत्र को छोड़कर शेष महाराष्ट्र में इस सप्ताह अलर्ट जारी है।
मौसम विभाग ने आगाह किया है कि अधिक वर्षा से फसलों को फायदा होगा, लेकिन बाढ़, भूस्खलन, जलभराव, यातायात में बाधा और जलजनित बीमारियों के प्रसार का खतरा भी बढ़ सकता है।
===
हमारे लेटेस्ट अपडेट्स और खास जानकारियों के लिए अभी जुड़ें — बस इस लिंक पर क्लिक करें: